पंजाब के लुधियाना में शनिवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान दो गैंगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला फायरिंग तक पहुँच गया। इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायरिंग की आवाज़ सुनते ही समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना पखोवाल रोड स्थित एक मैरिज हॉल की है, जहां रात करीब 1 से 2 बजे के बीच शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान दोनों गैंग के लोग वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ा और देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं।
एक कर्मचारी के मुताबिक, सात फेरे की तैयारी हो रही थी तभी अचानक फायरिंग शुरू हो गई। जब वह बाहर आया तो दो लोगों को मृत पड़ा देखा। मैरिज हॉल के अंदर रखे एक सोफे पर भी खून के निशान मिले।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग करने वाले आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। मामला गंभीर होने के चलते पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है।









